नई दिल्ली/वॉशिंगटन। भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक चौंकाने वाला ऐलान करते हुए दावा किया है कि दोनों देशों ने पूर्ण और तत्काल संघर्ष विराम पर सहमति जताई है। इस घोषणा के करीब 16 घंटे बाद ट्रंप ने अब कश्मीर मुद्दे को हल करने में मध्यस्थता की पेशकश भी की है। हालांकि, भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि कश्मीर उसका अभिन्न अंग है और वह किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को अस्वीकार करता है। इस संबंध में भारत सरकार की प्रतिक्रिया अभी तक नहीं आई है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “मैं भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व की ताकत, बुद्धिमत्ता और साहस पर गर्व करता हूं, जिन्होंने यह समझा कि अब समय आ गया है कि इस आक्रामकता को समाप्त किया जाए, जो बड़े पैमाने पर जानमाल की हानि का कारण बन सकती थी। लाखों निर्दोष लोग मारे जा सकते थे! आपने साहसिक कदम उठाकर अपना इतिहास और विरासत मजबूत की है।
ट्रंप ने आगे कहा, “मुझे गर्व है कि अमेरिका इस ऐतिहासिक और वीरतापूर्ण फैसले में मदद कर सका। हालांकि यह चर्चा का विषय नहीं था, लेकिन मैं भारत और पाकिस्तान—इन दोनों महान राष्ट्रों के साथ व्यापार को काफी बढ़ाने जा रहा हूं। साथ ही, मैं दोनों देशों के साथ मिलकर यह देखने का प्रयास करूंगा कि क्या ‘हजार वर्षों’ बाद कश्मीर को लेकर कोई समाधान निकाला जा सकता है। भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व को इस अद्भुत कार्य के लिए भगवान आशीर्वाद दें।”
गौरतलब है कि ट्रंप ने बीते दिन दोपहर में यह अप्रत्याशित घोषणा की थी कि भारत और पाकिस्तान अब पूर्ण संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। यह विकास तब सामने आया, जब इससे कुछ घंटे पहले ही दोनों देशों के बीच भीषण गोलीबारी हुई थी और भारत ने पाकिस्तान के एयरबेस और प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था।